महाकुंभ जाने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्री प्रयागराज जाने के लिए ट्रेनों का इंतजार कर रहे थे। स्टेशन पर भीड़ क्षमता से बहुत ज्यादा होने के कारण शनिवार रात मची भगदड़ में 18 यात्रियों की दम घुटने से मौत हो गई है जबकि इस घटना में 12 गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका इलाज दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में जारी है। वहीं, इस दुखद हादसे में मरने वालों में 14 महिलाएं, 4 पुरुष है।
रेलवे के अधिकारी ने बताया कि, प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 पर कुंभ जाने वाले यात्रियों की भीड क्षमता से हो गई थी। जिससे कुछ लोगों का दम घुटने लगा था कहीं और जाने की जगह नहीं मिला। वहीं, दिल्ली पुलिस ने कंफर्म किया है कि शनिवार की रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में 14 महिलाओं समेत 18 लोगों की जान चली गई है। वहीं, स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 16 पर भीड़ को काबू करने के लिए व्यवस्था की जा रही है।
वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उन्होंने इतनी भीड़ कभी नहीं देखी। लोग इतने ज्यादा थे कि पुलिस कंट्रोल नहीं कर पा रही थी। जितनी भी भीड़ थी वो तो पूल पर ही थी, प्लेटफॉर्म तो खाली थे। ट्रेनें जहां पर आनी थी वहीं पर भगदड़ हुई। बता दें कि, इसी बीच हादसे के शिकार पीड़ितों के लिए सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया है जिसके अनुसार मृतकों के परिजनों को 10 लाख, गंभीर रूप से घायल लोगों को 2.5 लाख और मामूली रूप से घायल लोगों को 1.0 लाख का मुआवजा दिया जाएगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि, राष्ट्रपति के ऑफिस ने एक्स पर लिखा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में लोगों की मौत के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से व्यथित हूं. मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों. अधिकारी उन सभी लोगों की सहायता कर रहे हैं जो इस भगदड़ से प्रभावित हुए हैं।’
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में लोगों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण भगदड़ से बहुत दुखी हूं। मेरी प्रार्थनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। पूरी टीम उन सभी लोगों की सहायता करने के लिए काम कर रही है जो इस दुखद घटना से प्रभावित हुए हैं।
हरियाणा सीएम ने जताया शोक
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने एक्स पर लिखा कि, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में कई लोगों के हताहत होने की सूचना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारजनों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।’
राहुल गांधी ने रेलवे पर साधा निशाना
वहीं, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी घटना पर दुख जताया है। राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मचने से कई लोगों की मृत्यु और कईयों के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद और व्यथित करने वाली है। शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। यह घटना एक बार फिर रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है। प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए थे। सरकार और प्रशासन को सुनिश्चित करना चाहिए कि बदइंतजामी और लापरवाही के कारण किसी को अपनी जान न गंवानी पड़े।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के शिकार लोगों की प्रशासन द्वारा लिस्ट जारी कर दी गई है
1. आहा देवी पत्नी रविन्दी नाथ, निवासी बक्सर बिहार, उम्र 79 वर्ष
2. पिंकी देवी पत्नी उपेन्द्र शर्मा, निवासी संगम विहार दिल्ली, उम्र 41 वर्ष
3. शीला देवी पत्नी उमेश गिरी, निवासी सरिता विहार दिल्ली, उम्र 50 वर्ष
4. व्योम पुत्र धर्मवीर, निवासी बवाना दिल्ली, उम्र 25 वर्ष
5. पूनम देवी पत्नी मेघनाथ, निवासी सारण बिहार, उम्र 40 वर्ष
6. ललिता देवी पत्नी संतोष, निवासी परना बिहार, उम्र 35 वर्ष
7. सुरुचि पुत्री मनोज शाह, निवासी मुजफ्फरपुर बिहार, उम्र 11 वर्ष
8. कृष्णा देवी पत्नी विजय शाह, निवासी समस्तीपुर बिहार, उम्र 40 वर्ष
9. विजय साह पुत्र राम सरूप साह, निवासी समस्तीपुर बिहार, उम्र 15 वर्ष
10. नीरज पुत्र इंद्रजीत पासवान, निवासी वैशाली बिहार, उम्र 12 वर्ष
11. शांति देवी पत्नी राज कुमार मांझी, निवासी नवादा बिहार, उम्र 40 वर्ष
12. पूजा कुमार पुत्री राज कुमार मांझी, निवासी नवादा बिहार, उम्र 8 वर्ष
13. संगीता मलिक पत्नी मोहित मलिक, निवासी भिवानी हरियाणा, उम्र 34 वर्ष
14. पूनम पत्नी वीरेंद्र सिंह निवासी, महावीर एन्क्लेव, उम्र 34 वर्ष
15. ममता झा पत्नी विपिन झा निवासी, नांगलोई दिल्ली, उम्र 40 वर्ष
16. रिया सिंह पुत्री ओपिल सिंह, निवासी सागरपुर दिल्ली, उम्र 7 वर्ष
17. बेबी कुमारी पुत्री प्रभु साह, निवासी बिजवासन दिल्ली, उम्र 24 वर्ष
18. मनोज पुत्र पंचदेव कुशवाह, निवासी नांगलोई दिल्ली, उम्र 47 वर्ष
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ के बाद यूपी में जीआरपी हाई अलर्ट पर है। प्रदेश के सभी रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। एडीजी रेलवे प्रकाश डी ने सभी जीआरपी के पुलिसकर्मियों को स्टेशन पर मौजूद रहने का आदेश दिया है। उन्होंने निर्देश दिए कि आरपीएफ और रेलवे के साथ समन्वय कर जीआरपी व्यवस्था को सुनिश्चित रखे. रेलवे स्टेशनों पर किसी भी तरह की भीड़ में अफरा-तफरी ना होय़ रेलवे फुटओवर ब्रिज पर भी जीआरपी के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, प्रयागराज जाने के लिए चल रहीं सभी स्पेशल ट्रेन के प्लेटफार्म पर विशेष तौर पर निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं। संगम स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को नियंत्रित करने के लिए समन्वय बनाए रखें। अगले 24 घंटे काफी अहम हैं। सभी पुलिसकर्मी रेलवे स्टेशनों और आसपास पर मौजूद रहेंगे।
बता दें कि, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में मौत मामले में दिल्ली पुलिस भी एक्शन में है। पुलिस अब रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी। वहीं, सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। वो सीसीटीवी फुटेज का एनालिसिस करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भगदड़ से पहले क्या हुआ था? पुलिस सूत्र ने बताया कि हमारा मुख्य लक्ष्य उस मुख्य कारण की जांच करना है जिसके कारण भगदड़ हुई। हम सीसीटीवी फुटेज और उस दौरान की गई घोषणाओं के सभी डेटा एकत्र करेंगे। सूत्र ने कहा कि संभव है कि प्लेटफॉर्म बदलने की घोषणा के कारण भ्रम की स्थिति पैदा हुई होगी और भगदड़ के हालात बन गए होंगे. स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 14 और 15 पर महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें जानी थीं।